Headlines

गुरुग्राम का हुआ गुड़ गोबर, बारिश के बाद देखे नहीं जाएंगे ने नजारे


गुरुग्राम में कल हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. सड़कों पर इतना पानी भर गया कि ‘मिलेनियम सिटी’ रातों-रात ‘वेनिस’ में तब्दील हो गई. एनएच-48, गोल्फ कोर्स रोड और सोहना रोड पर गाड़ियां रेंगती नहीं, बल्कि तैरती नजर आईं. लोग दफ्तर जाने के लिए घर से निकले तो थे सूट-बूट पहनकर, लेकिन रास्ते में उन्हें तैरना पड़ गया. इस जलभराव के बीच जनता परेशान तो बहुत है, लेकिन भारतीय सोशल मीडिया लवर्स ने इस आफत को भी आपदा में अवसर बनाकर मीम्स का ऐसा सैलाब ला दिया है कि गुरुग्राम ट्विटर और इंस्टाग्राम पर टॉप ट्रेंडिंग टॉपिक बन गया है.

दफ्तर जाने वाले बने ‘जलपरी’ और सड़कों पर आया ‘अंडरवाटर एडवेंचर’

दफ्तर जाने वाले नौकरीपेशा लोगों के लिए कल का दिन किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था. सुबह-सुबह जब लोग तैयार होकर साइबर हब की तरफ बढ़े, तो सड़कों का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. जहां कभी लग्जरी गाड़ियां दौड़ती थीं, वहां अब घुटनों तक गंदा पानी जमा था. लोग अपनी पैंट ऊपर चढ़ाकर और जूते हाथों में लेकर दफ्तर जाते दिखे. सोशल मीडिया पर एक वीडियो सबसे ज्यादा वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक जलभराव के बीच कैब की छत पर बैठा है और वहीं से लैपटॉप खोलकर अपना काम कर रहा है. लोग इस पर मजे लेते हुए लिख रहे हैं, “मैनेजर ने कहा था कि चाहे दुनिया डूब जाए, लेकिन लॉगिन टाइम पर होना चाहिए.” कई लोग तो स्विमिंग कॉस्ट्यूम पहनकर सड़कों पर उतर आए और रील बनाने लगे.

करोड़ों के फ्लैट और ‘वेनिस’ वाला फ्री अपग्रेड

गुरुग्राम की जिन पॉश सोसायटियों में लोग करोड़ों रुपये के फ्लैट खरीदकर खुद को वीआईपी समझते हैं, वहां का हाल देखकर लोग सबसे ज्यादा हंस रहे हैं. सोसायटियों के बेसमेंट में खड़ी महंगी एसयूवी गाड़ियां पानी में पूरी तरह डूब चुकी हैं. नेटिजन्स इन सोसायटियों के बिल्डरों को जमकर ट्रोल कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर एक मीम खूब चल रहा है जिसमें लिखा है, “बिल्डर ने 5 करोड़ के फ्लैट के साथ स्विमिंग पूल फ्री देने का वादा किया था, उसने तो पूरी सोसाइटी को ही स्विमिंग पूल बना दिया.” लोग कह रहे हैं कि गुरुग्राम में रहने के लिए अब ड्राइविंग लाइसेंस की नहीं, बल्कि बोट चलाने के लाइसेंस की जरूरत पड़ने वाली है. जनता पूछ रही है कि टैक्स तो हम मिलेनियम सिटी का देते हैं, लेकिन सुविधाएं हमें किसी पिछड़े गांव जैसी क्यों मिल रही हैं?

यह भी पढ़ें: अब करो चोरी… ट्रेन में फोन चोर को महिला ने ऐसे दबोचा कि वायरल हो गया वीडियो

स्कूल बंद, ऑफिस से ‘वर्क फ्रॉम होम’ और जनता की मौज

इस हाहाकार के बीच जिला प्रशासन ने आनन-फानन में मंगलवार को सभी स्कूलों में ऑनलाइन क्लास और कॉर्पोरेट कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम देने की सलाह जारी कर दी. इस फैसले के बाद स्कूल के बच्चों और ऑफिस जाने वालों ने राहत की सांस ली है. अब लोग घरों में बैठकर गरमा-गरम चाय और पकौड़ों का आनंद ले रहे हैं और बाहर की बाढ़ को देखकर मीम्स शेयर कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “थैंक यू गुरुग्राम पुलिस और प्रशासन, आपकी वजह से कम से कम एक दिन ट्रैफिक में बिना फंसे घर पर आराम करने का मौका तो मिला.” कुल मिलाकर, गुरुग्राम की बारिश ने लोगों को परेशान तो बहुत किया है, लेकिन सोशल मीडिया के मीमबाजों ने इस मुश्किल घड़ी में भी लोगों के चेहरों पर हंसी ला दी है.

यह भी पढ़ें: 50 और 10 का नोट जोड़कर चीज खरीदने पहुंच गई मासूम, दुकानदार का रिएक्शन वायरल



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *