उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप पड़ना शुरू हो गया है. दिन के समय तेजी से तापमान में बढ़ोतरी हुई है, जिससे प्रदेश भट्टी की तरह तपने लगा है. बीते एक हफ्ते में प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 10 डिग्री तक का उछाल आ गया है. दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने का अनुमान जताया है.
मौसम विभाग को मुताबिक यूपी में आज 16 अप्रैल को भी मौसम शुष्क रहेगा. फ़िलहाल कहीं कोई पश्चिमी विक्षोभ के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं. प्रदेश के सभी जिले आज ग्रीन ज़ोन में बने हुए हैं. सुबह से ही आसमान एकदम साफ है और दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की तपिश बढ़ती चली जाएगी. कहीं-कहीं 15-20 किमी की रफ़्तार से गर्म हवाएं चलेगी, जिससे परेशानी और बढ़ेगी.
नोएडा, आगरा से लखनऊ तक मौसम का हाल
राजधानी लखनऊ में भी बीते कुछ दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव आया है. यहां भी गर्मी का टॉर्चर शुरू हो गया हैं. दिन में तीखी धूप शरीर को जलाने का एहसास करा रही है. जनपद में आज अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं वहीं नोएडा, मेरठ, गाजियाबाद में भी आज तेज धूप निकलेगी.
ताजनगरी आगरा में भी पारा 40 के पार चला गया है. यहां भी दिनभर धूप कि सिलसिला जारी रहेगी. आगरा और बरेली के मंडलों में पारा बढ़ा है. लखनऊ, कानपुर, झांसी, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, मुजफ्फरनगर, रामपुर और बिजनौर समेत कई इलाकों में भीषण गर्मी के साथ गर्म हवाएं चलेंगी.
बांदा रहा प्रदेश का सबसे गर्म जिला
बीते 24 घंटों में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुँच गया. वहीं झांसी, प्रयागराज, वाराणसी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया है. इनके अलावा पूर्वांचल के आजमगढ़, गाज़ीपुर, गोरखपुर, बस्ती, मीरजापुर, बलिया, जौनपुर आज भीषण गर्मी और लू चलने का अलर्ट दिया गया हैं. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 4-5 दिनों में गर्मी और बढ़ेगी और अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री तक का और उछाल आ सकता है.
