राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आज (9 सितंबर) को आयोजित होनी है. यह बैठक शाम 5 बजे आयोजित की जाएगी. बैठक की अध्यक्षता गोविंद गिरी महाराज करेंगे. महंत नित्य गोपालदास महाराज वीडियो कॉल के माध्यम से बैठक से जुड़ेंगे.
बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी और आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे. इस अवसर पर ‘हनुमान अंश’ फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर को उनके उल्लेखनीय काम के लिए गोविन्द देव महाराज श्री कृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से अभिनंदन करेंगे.
अखिलेश यादव पर AK शर्मा का वार, ‘सरकार राजनीतिक गंदगी भी साफ कर रही’
कोर्ट में चल रहा है श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मामला
बता दें कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि ट्रस्ट खबरों में रहा है. मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मामला हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है. यह विवाद श्री कृष्ण जन्मभूमि और उसके निकट स्थित शाही ईदगाह मस्जिद से जुड़ा है. हिंदू पक्ष का दावा है कि मस्जिद उस स्थान पर बनी है जो भगवान कृष्ण की जन्मस्थली है.
हिंदू पक्ष का दावा क्या है?
हिंदू पक्ष का दावा है कि शाही ईदगाह मस्जिद का निर्माण 17वीं सदी में औरंगजेब के शासनकाल में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर बने प्राचीन केशवदेव मंदिर को तोड़कर किया गया था.
मुस्लिम पक्ष की क्या है दलील?
दूसरी ओर, मुस्लिम पक्ष मस्जिद की ऐतिहासिक और कानूनी वैधता का दावा करता है. इस विवाद में मंदिर की जमीन पर स्वामित्व, पूजा का अधिकार और स्थल की पुरातात्विक जांच जैसे मुद्दे शामिल हैं. मस्जिद पक्ष का कहना है कि 1968 के समझौते के तहत यह विवाद पहले ही सुलझ चुका है.
भगवान कृष्ण की मूर्ति को आगरा ले जाया गया था- हिंदू पक्ष
हाई कोर्ट में इस मामले में अक्टूबर 2023 से लगातार अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई चल रही है. हिंदू पक्ष का दावा है कि साल 1670 में मुगल बादशाह औरंगजेब ने यहां मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनवाई थी और भगवान कृष्ण की मूर्ति को आगरा ले जाया गया था.
