बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य का विकास उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने दावा किया कि सीएम बनने के बाद उनमें कोई बदलाव किसी ने नहीं देखा होगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता और पार्टी ने इतना आगे बढ़ा दिया है वो काफी है. साथ की ये भी कहा कि कभी सोचा भी नहीं था कि वो मुख्यमंत्री बनेंगे. न्यूज़ एजेंसी ANI से बातचीत में सीएम ने नीतीश कुमार के उत्तराधिकारी और बांकीपुर उपचुनाव नतीजों समेत कई मुद्दों पर चर्चा की.
सारे खट्टे और मीठे अनुभव हैं- सीएम
जब उनसे पूछा गया कि बिहार के मुख्यमंत्री बनने के बाद आप अपने साथियों को दरकिनार कर चुके हैं? इस सवाल पर सम्राट चौधरी ने कहा, ”राजनीति में इतनी छोटी सोच तो मैं रख नहीं सकता. मैं एक पॉलिटिकल वर्कर हूं, 31 साल से राजनीति में हूं. सारे खट्टे और मीठे अनुभव हैं. मैं विधायक भी रहा हूं और तीन-तीन बार मंत्री भी रहा हूं. दो बार डिप्टी सीएम रहा हूं. मैं जो था वहीं हूं और उसी तरह से काम करता रहूंगा.”
बांकीपुर सीट को लेकर क्या बोले सम्राट चौधरी?
बिहार के मुख्यमंत्री से एक इंटरव्यू के दौरान जब पूछा गया कि बांकीपुर में क्या हुआ? कहा जाता है कि इसमें बीजेपी के लिए कोई संदेश जरूर है. इस पर सम्राट चौधरी ने कहा, ”हमलोग इस पर और आत्ममंथन कर रहे हैं. हमलोगों से गलती तो हुई है. हमारी सीट पर कोई जीत रहा है तो ये चिंता का विषय है. पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता इस काम में लगे हैं. यह हमारे लिए एक चेतावनी की तरह है. पार्टी इस पर गंभीरता से विचार करके इसे ठीक करेगी.
नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी कौन?
नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी कौन होगा? इस सवाल पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, ”उनकी पार्टी है, वो विचार करेंगे. जेडीयू में बहुत सारे नेता हैं, वो पार्टी चला रहे हैं. कई लोगों ने कहा कि पार्टी समाप्त हो जाएगी. राजनीति में ये अफवाह फैलाने वाले लोग हैं. लालू जी का परिवार कहता था कि पूरी पार्टी खत्म हो जाएगी, लेकिन जेडीयू 85 सीट जीतकर आई. कथित तौर से एक नेता कहते थे कि उनकी 25 सीट आ गई तो राजनीति छोड़ देंगे. जनता ही तय करती है और वही मालिक है.”
निशांत कुमार अच्छा काम कर रहे- सीएम
जब उनसे पूछा गया कि निशांत कुमार को लेकर काफी चर्चा चलती है, कहा जाता था कि जब तक नीतीश कुमार राज्य में थे तब तक निशांत कुछ कर नहीं पा रहे थे. आप उन्हें कैसे देखते हैं? इस पर सीएम ने कहा, ”निशांत कुमार स्वास्थ्य विभाग में लगातार अच्छा काम कर रहे हैं. आज हॉस्पिटल सेक्टर में जिस तरह से बदलाव हो रहे हैं, उसमें मिनिस्टर का पूरा रोल रहता है.”
उन्होंने ये भी कहा कि बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में पहले 1000 लोगों के भी ऑपरेशन नहीं होते थे, आज 8 हजार लोगों के ऑपरेशन जिला अस्पतालों में होते हैं. यह अहम बदलाव है. निशांत कुमार पार्टी के लिए भी काम करेंगे और सरकार के लिए भी काम करेंगे.
तेज प्रताप यादव की पार्टी में प्रिया सिंह की एंट्री, जानिए कौन हैं?
