भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला टी20 मैच रविवार, 13 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा. अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारत के लिए ओपनिंग कौन करेगा? यह सबसे बड़ा सवाल है. वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन, विकल्प तीन हैं, लेकिन मौका दो को ही मिलना है. अब कौन जोड़ी क्या होगी, इस सवाल पर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने फिलहाल अपने पत्ते नहीं खोले हैं.
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्रेयस अय्यर ने साफ कर दिया कि संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा, तीनों ही ओपनिंग के विकल्प हैं. श्रेयस अय्यर के मुताबिक फैसला आसान नहीं होने वाला है. ये एक टाइट कॉल होगी, लेकिन टीम मैनेजमेंट आखिरकार जिस खिलाड़ी के साथ जाएगा, उससे टीम को फायदा ही होगा.
ओपनिंग जोड़ी पर क्या बोले कप्तान अय्यर?
यानी कप्तान ने अभी ये साफ नहीं किया कि पहले मुकाबले में ओपनिंग जोड़ी कौन-सी होगी. ऐसे में सबसे बड़ा सस्पेंस यही है कि क्या अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन उतरेंगे या फिर युवा वैभव सूर्यवंशी को मौका देकर टीम इंडिया एक बेहद आक्रामक ओपनिंग कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतरेगी.
ईशान किशन की फिटनेस पर दिया अपडेट
ईशान किशन की फिटनेस पर भी श्रेयस अय्यर ने बड़ा अपडेट दिया. ईशान किशन प्रैक्टिस के दौरान असहज नजर आए थे और उन्होंने अपनी बल्लेबाजी भी बीच में रोक दी थी. अब कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया है कि उनकी ईशान से बात हुई है और ईशान फिलहाल कंफर्टेबल महसूस कर रहे हैं. श्रेयस ने उम्मीद जताई कि ईशान किशन पहले टी20 मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे.
जसप्रीत बुमराह पर भी दिया जवाब
अब बात जसप्रीत बुमराह की. बुमराह की फिटनेस और उनके वर्कलोड को लेकर भी कप्तान से सवाल किया गया. श्रेयस अय्यर ने कहा कि हर गेंदबाज अपने शरीर को सबसे बेहतर तरीके से समझता है. उसे कितना रेस्ट चाहिए और मैच फिट होने के लिए कितनी गेंदबाजी की जरूरत है, ये काफी हद तक खिलाड़ी के शरीर और उसकी तैयारी पर निर्भर करता है.
जहां तक जसप्रीत बुमराह की बात है, उन्होंने प्रैक्टिस में गेंदबाजी की है, वो कंफर्टेबल दिखाई दिए हैं और पूरी तरह फिट हैं. कप्तान को उम्मीद है कि बुमराह मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार होंगे. यानी टीम इंडिया के लिए ये एक अच्छी खबर है कि अफगानिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले से पहले बुमराह की फिटनेस को लेकर फिलहाल कोई बड़ी चिंता नजर नहीं आ रही.
यश ठाकुर पर क्या बोले कप्तान?
यश ठाकुर को लेकर भी कप्तान ने बड़ी बात कही. श्रेयस अय्यर के मुताबिक यश ठाकुर एक क्वालिटी फास्ट बॉलर हैं. उन्होंने अलग-अलग मौकों पर अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है और जब भी उन्हें अवसर मिला है, उन्होंने अपनी क्षमता दिखाई है. कप्तान का मानना है कि यश पूरी तरह तैयार गेंदबाज हैं और मौका मिलने पर टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं
कोच गौतम गंभीर पर दिया बड़ा बयान
इसके बाद बात हुई हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर की जोड़ी की. श्रेयस से पूछा गया कि गौतम गंभीर के साथ उनकी कैमेस्ट्री कैसी है और दोनों के बीच कप्तान-कोच के तौर पर तालमेल किस तरह का है? इस पर श्रेयस ने कहा कि गौतम गंभीर के साथ वो पहले भी कोलकाता नाइट राइडर्स में काम कर चुके हैं, इसलिए दोनों एक-दूसरे की सोच को अच्छी तरह जानते हैं.
श्रेयस के मुताबिक गौतम गंभीर का माइंडसेट काफी एग्रेसिव है. उनकी सबसे बड़ी खासियत उनका वन-टू-वन कम्युनिकेशन है, वो खिलाड़ियों से सीधे संवाद करने और टीम मैनेजमेंट के स्तर पर चीजों को स्पष्ट रखने में काफी अच्छे हैं. श्रेयस का मानना है कि जैसे-जैसे दोनों साथ में और समय बिताएंगे, कप्तान और कोच के तौर पर उनकी सोच और ज्यादा अलाइन होती जाएगी.
वहीं एशियन गेम्स को लेकर भी श्रेयस अय्यर से सवाल किया गया. उन्होंने कहा कि फिलहाल एशियन गेम्स में समय है और अभी पूरा फोकस मौजूदा सीरीज पर है, लेकिन जब भारतीय टीम एशियन गेम्स के लिए जाएगी तो कोशिश यही रहेगी कि बेहतरीन प्रदर्शन किया जाए और देश का गौरव बढ़ाया जाए.
कुल मिलाकर श्रेयस अय्यर की प्रेस कॉन्फ्रेंस से तीन बड़ी बातें निकलकर सामने आई हैं.
सबसे बड़ी बात- ओपनिंग का सस्पेंस अभी बरकरार है. संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा, तीनों रेस में हैं.
दूसरी बड़ी बात- ईशान किशन फिलहाल कंफर्टेबल हैं और कप्तान को उम्मीद है कि वो मुकाबले के लिए उपलब्ध होंगे.
तीसरी बड़ी बात- जसप्रीत बुमराह फिट हैं और पहले T20 मुकाबले के लिए तैयार नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें-
पाकिस्तान का सूपड़ा साफ, 8 विकेट से इंग्लैंड ने जीता तीसरा टेस्ट; 3-0 से सीरीज
