Headlines

‘ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा, नहीं तो…’, ममता ने बताया INDIA गठबंधन का प्लान


पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव आयोग पर जमकर बरसीं. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने एसआईआर के जरिये वैध मतदाताओं के नाम हटाकर राज्य विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत में मदद की. चुनाव आयोग को लेकर छपी हालिया रिपोर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा,’बीजेपी ने चुनाव आयोग का किस तरह इस्तेमाल किया, इसका सच अब सामने आ चुका है. उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक देशभर में विरोध-प्रदर्शन जारी रहेंगे. उन्होंने इस मुद्दे को लेकर इंडिया गठबंधन के आगे की प्लानिंग को लेकर भी बयान दिया.

ममता बनर्जी ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा, नहीं तो देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा. मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर निर्वाचन क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस सत्तारूढ़ बीजेपी के इशारे पर काम कर रही है और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से उनके मतदाता पहचान पत्र छीन रही है.

ममता ने बताया INDIA गठबंधन का प्लान

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने और विपक्ष की रणनीति तय करने के लिए इंडिया गठबंधन की अगली बैठक दिल्ली में होने की संभावना है. टीएमसी चीफ ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संदेश भेजकर कहा है कि विपक्षी दलों को साथ बैठकर चर्चा करनी चाहिए. ममता ने कहा, ‘मैंने राहुल गांधी को संदेश भेजकर कहा है कि हमें साथ बैठना चाहिए. इंडिया गठबंधन की बैठक 30 सितंबर को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने की संभावना है.’

प्रस्तावित बैठक ऐसे समय में हो रही है जब विपक्षी दल चुनाव आयोग के कामकाज और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर उठे विवाद पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया को लेकर आपसी समन्वय की कोशिश कर रहे हैं. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने CPIM महासचिव एमए बेबी से भी बातचीत की.

हम एकजुट होकर लड़ेंगे: ममता बनर्जी

इंडिया गठबंधन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘हम एकजुट होकर लड़ेंगे. यह देखने की जरूरत नहीं है कि कौन लाल है, नीला है या पीला. हम सब लोकतंत्र बहाल करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर लड़ेंगे. अगर मुद्दा जनता का है तो यह देखने की जरूरत नहीं है कि आंदोलन में कौन सी पार्टी शामिल हो रही है.’ ममता बनर्जी ने अपनी रैली के दौरान पश्चिम बंगाल पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया, ‘पुलिस मेरी दुश्मन नहीं है. उनका काम लोगों की सुरक्षा करना है, लेकिन आज वे क्या कर रहे हैं? कल रात उन्होंने श्रीरामपुर में तृणमूल समर्थकों को उनके घरों से ढूंढ-ढूंढ कर गिरफ्तार किया, ताकि कोई मेरी सभा में न आ सके.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *