मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे विवादों पर राजनीति गरमाई हुई है. इस बीच महाराष्ट्र सपा के अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है. उन्होंने भविष्य में होने वाले चुनाव बैलट पेपर से कराने की मांग की है. साथ ही चुनाव आयोग के खिलाफ खड़े लोगों से एकजुट होने की अपील की है.
अबू आजमी ने मीडिया से बातचीत में कहा, ”ज्ञानेश कुमार को तुरंत अरेस्ट करो और उन्हें जेल में भेज दो. जो लोग ज्ञानेश कुमार की तारीफ कर रहे हैं वो लोग बेईमानी से चुनकर आए हैं. जो लोग इलेक्शन कमीशन के खिलाफ हैं, उनको एक साथ खड़े होना चाहिए. अब जो भी इलेक्शन होगा, वो बैलट पेपर पर होना चाहिए. बेईमानी हो रही है.”
ये लोग डिलिमिटेशन का बिल लाना चाहते थे- अबू आजमी
उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए आगे कहा, ”ये लोग डिलिमिटेशन (Delimitation) का बिल लाना चाहते थे. इस बिल में ये लोग अपने वोटर एक तरफ रखने वाले थे. मैं अपने नेताओं से कहूंगा कि आंदोलन शुरू कर दो. जितनी जेल है सब फुल हो जाएंगे लेकिन अपनी मांग मनवा कर ही बाहर आएंगे. हमारे पार्टी के अध्यक्ष जो कहेंगे उसका हम पालन करेंगे.”
ठाकरे बंधु चुनाव आयोग के खिलाफ आंदोलन करेंगे- अबू आजमी
सपा नेता ने ये भी कहा कि ठाकरे बंधु इलेक्शन कमीशन के खिलाफ आंदोलन करेंगे, जो भी इलेक्शन कमीशन के खिलाफ हैं, हम उन सबके साथ हैं. मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से दी गई आंदोलन की चेतावनी को लेकर पूछे गए सवाल पर अबू आजमी ने कहा, ”मैं उनको बहुत-बहुत बधाई दूंगा. झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए.”
ज्ञानेश कुमार पर मनमाना रवैया अपनाने का आरोप
बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर आरोप है कि चुनाव आयोग के अन्य दो सदस्यों की राय को नजरअंदाज करते हुए फॉर्म 6 से जुड़े बदलाव लागू करने में मनमाना रवैया अपनाया. मीडिया रिपोर्ट में ये बात सामने आने के बाद से लगातार विपक्षी दल केंद्र सरकार को घेरते हुए सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
SIR विवाद के बीच अब राज ठाकरे बोले, ‘ज्ञानेश कुमार जैसे लोगों का…’
