पश्चिम बंगाल में एक बार फिर टीएमसी नेता को जनता के गुस्से का सामना करना पड़ा है. टीएमसी के विधायक कुणाल घोष ने आरोप लगाए हैं कि उनकी कार पर अंडे फेंके गए हैं. हालांकि इससे जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उनके कार पर अंडे फेंकते लोग नजर आ रहे हैं. पूरे घटनाक्रम पर घोष ने कहा है कि जब वह पूर्व सीएम ममता बनर्जी की रैली के लिए हुगली के श्रीरामपुर जा रहे थे, तो उनकी कार पर अंडे फेंके गए. लोगों के एक ग्रुप ने कार पर हमला किया.
कार के अंदर से बनाया गया वीडियो
कुणाल घोष ने जो वीडियो शेयर किया है, वो कार के अंदर से बनाया हुआ है. इसमें लोग लगातार गाड़ी के बोनट को ठोक रहे हैं. वहीं, अंडे फेंकते हुए हुए गो बैक के नारे लगा रहे हैं. साथ ही इनके हाथों में काले झंडे भी नजर आ रहे हैं. कुणाल घोष इस दौरान ड्राइवर को कुछ कहते हुए भी वीडियो में दिख रहे हैं. इस दौरान उनकी गाड़ी के कांच भी फोड़ दिए गए. वीडियो में इस हुड़दंग का एक वाकया फिर से देखने को मिला है.
#WATCH | West Bengal: TMC MLA Kunal Ghosh says that eggs were hurled at his car and a group of people attacked the car while he was going to Serampore, Hooghly, for a rally of former CM Mamata Banerjee.
(Video Source: Kunal Ghosh) pic.twitter.com/yH6jvA5AOw
— ANI (@ANI) September 26, 2026
उत्तर पाड़ा में हुई पूरी घटना
पार्टी के एक नेता ने जानकारी देते हुए कहा कि यह घटना उत्तर पाड़ा इलाके में हुई है. जहां काले झंडे लिए लोगों का एक ग्रुप ने घोष की गाड़ी को घेर लिया और गो बैक के नारे लगाए. इस ग्रुप ने टीएमसी की कार पर अंडे और पत्थर फेंके. इससे कार का पिछला शीशा टूट गया.
घोष बोले- यह जंगल राज है
इधर, घोष ने पूरे घटनाक्रम पर कहा है कि यह जंगल राज है. उन्होंने मेरी कार पर पत्थर और अंडे फेंके. रास्ता रोक दिया. वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था. मैं अब कोलकाता लौट रहा हूं. शिकायत दर्ज कराने के लिए सीधे लाल बाजार या भवानी भवन जाऊंगा. टीएमसी नेताओं ने आरोप लगाया है कि यह घटना बीजेपी की करतूत थी. ममता बनर्जी शनिवार को एक जनसभा को संबोधित करने वाली है. सेरामपुर कोर्ट ग्राउंड में होने वाली रैली को पहले कानूनी अड़चनों का सामना करना पड़ा था. लेकिन कलकत्ता हाईकोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ बैठक को अनुमति दे दी थी. इन शर्तों में लोगों की संख्या और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था शामिल थी.
