अमिताभ बच्चन इन दिनों रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के सीजन 18 को होस्ट कर रहे हैं. शो में अक्सर कोई ना कोई किस्सा और कहानियां शेयर करते हुए नजर आ ही जाते हैं. फिर चाहे वो उनकी जिंदगी से जुड़ा हो या फिर उनकी फिल्मों से जुड़ा. लेकिन इस बार ‘केबीसी’ के लेटेस्ट एपिसोड में उन्होंने ट्रोलिंग से होने वाली परेशानियों को लेकर बात की.
दरअसल, ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के लेटेस्ट एपिसोड में विनामरा नाम का एक कंटेस्टेंट्स हॉट सीट पर पहुंचा. उसने मेगास्टार से ट्रोल्स से डील करने को लेकर सवाल किया कि वो कैसे इससे डील करते हैं क्योंकि उसकी उम्र के लोग इससे डील नहीं कर पाते हैं. कंटेस्टेंट ने सवाल किया, ‘मैं तो आपसे ये सवाल पूछना चाहता हूं कि ये सोशल मीडिया पर आप आलोचनाओं को हैंडल कैसे करते हो सर?’ विनामरा आगे कहते हैं, ‘जैसे मेरी ऐज ग्रुप के लोगों को आलोचना बिल्कुल हैंडल करना नहीं आता है और नहीं हो पाता है.’
यह भी पढ़ें: ‘दृश्यम 3’ ओवरसीज में 100 करोड़ के पार, 9 फिल्मों का तोड़ा रिकॉर्ड, बनी 2026 की दूसरी हाईएस्ट ग्रॉसर
इस सवाल पर अमिताभ बच्चन ने अपना एक्सपीरियंस साझा किया और बताया कि कैसे सोशल मीडिया को लेकर उनका नजरिया बदल गया. जबकि पहले वो मानते थे कि इस प्लेटफॉर्म पर वो आजादी से अपने विचार साझा कर सकते हैं. लेकिन उनकी अप्रोच बिल्कुल ही बदल गई. जब उन्होंने यूजर्स के कमेंट्स देखें.
यूजर के कमेंट से अमिताभ बच्चन हुए परेशान
अमिताभ बच्चन बताते हैं, ‘पहले हमने सोचा कि ये बहुत ही अच्छा यंत्र है कि इसमें हम अपने दिल की बात बोल देते हैं. उसके बाद जब हमने पढ़ना शुरू किया कि इसका कमेंट क्या है, हमने ऐसे लिखना बंद कर दिया.’ बिग बी ने यूजर के उस कमेंट का भी जिक्र किया, जिसमें उनकी ऐज को लेकर यूजर ने कमेंट किया था और असभ्य भाषा का इस्तेमाल किया था. अमिताभ ने बताया, ‘अपने आपको क्या समझता है रे तू बुढऊ…ऐसे क्यों बोल रहा है? ऐसी शब्दावली होती है, बड़ा ही अजीब लगता है तो अब हमने ज्यादा लिखना छोड़ दिया है.’
अमिताभ ने अपनी बात को आगे कंप्लीट करते हुए कहा, ‘और भाई साहब एक बात बताएं आपको? जब से कम लिखना कर दिया है, हमारा फॉलोअर्स बढ़ता चला जा रहा है.’
84 साल के हो चुके हैं अमिताभ बच्चन
आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन ने बीते ही दिन अपना 84वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया. उन्होंने 11 अक्तूबर को अपना जन्मदिन मनाया और फैंस के साथ स्पेशल मोमेंट भी शेयर किया. उन्होंने जलसा के बाहर फैंस से बर्थडे पर मुलाकात की साथ ही फैंस ने भी उन्हें बड़ी से फूल माला भेंट की. बिग बी ने साल 2008 से अपना ब्लॉग लिखना शुरू किया था. वो एक्स और इंस्टाग्राम पर भी काफी एक्टिव रहते हैं.
वहीं, अगर बिग बी की अपकमिंग फिल्मों के बारे में बात की जाए तो उनकी पाइपलाइन में ‘कल्कि पार्ट 2’, ‘सेक्शन 84’ और ‘द इंटर्न’ जैसी फिल्मों के जरिए स्क्रीन पर नजर आने वाले हैं. 84 साल की उम्र में भी बिग बी एक्टिव होकर काम कर रहे हैं और दर्शकों को एंटरटेन करते हैं. वो रिटायरमेंट नहीं लेना चाहते हैं.
