जम्मू कश्मीर के कुलगाम का रहने वाला एक व्यक्ति, जिसके शारजाह में लापता होने की खबर थी, अब मिल गया है. उसकी पहचान शाकिर बशीर शेख के रूप में हुई है. उसे वहाँ की एक जेल में पाया गया है और उस पर 2000 AED का जुर्माना भी लगा है. खाड़ी देश में जेल जाने वाले कश्मीरी मूल के व्यक्ति का यह दूसरा मामला सामने आया है.
रिपोर्ट के अनुसार, शाकिर को सोशल मीडिया पर ईरान से जुड़ा कंटेंट शेयर करने और पोस्ट करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था. बताया जा रहा है कि ऐसा करके उसने वहां के स्थानीय नियमों का उल्लंघन किया था. सूत्रों ने बताया कि जुर्माना चुकाने के बाद उसे संयुक्त अरब अमीरात से वापस भेज दिया जाएगा.
4 अप्रैल को भी ऐसा ही मामला आया था सामने
इससे पहले, सऊदी अरब में नर्स स्पेशलिस्ट के तौर पर काम करने वाले 29 साल के एक कश्मीरी युवक को 4 अप्रैल को अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया था. यह घटना ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के चरम पर होने के दौरान हुई थी. आरोप है कि युवक ने सोशल मीडिया पर ईरान के अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या से जुड़ी एक पोस्ट शेयर की थी.
अमजद अली भट के रूप में हुई युवक की पहचान
इस युवक की पहचान अमजद अली भट के रूप में हुई है. वह उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में स्थित पट्टन के गुंड इब्राहिम का रहने वाला है. वह पिछले साल जून से दम्मम में स्थित एक सऊदी हेल्थकेयर कंपनी, ‘सऊदी रिस्पॉन्स प्लस मेडिकल’ में नर्स स्पेशलिस्ट के तौर पर काम कर रहा था.
AIMSA ने भारतीय नागरिकों से क्या अपील की?
इस घटना के बाद, AIMSA ने विदेश में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर भू-राजनीतिक रूप से संवेदनशील या युद्ध से जुड़ी सामग्री को पोस्ट या शेयर न करें. साथ ही, वे जिस देश में रह रहे हैं, वहाँ के कानूनों का सख्ती से पालन करें. एसोसिएशन ने विदेश में रहने वाले भारतीयों से यह भी अपील की है कि वे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें, ताकि उन्हें विदेश में किसी भी तरह की कानूनी मुश्किल का सामना न करना पड़े.
फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले को लेकर BJP नेता का बड़ा बयान, ‘पुलिस को बिना बताए वो…’
