Headlines

CJP प्रोटेस्ट: PM मोदी के मॉर्फ्ड फोटो पर एक्शन, इंस्टा फेसबुक पर FIR, Meta के इंडिया हेड का भी नाम


कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित रूप से मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक सामग्री साझा करने के मामले में हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने फेसबुक और इंस्टाग्राम के कई अकाउंट संचालकों के साथ-साथ Meta के इंडिया हेड के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान की जा रही है.

फेसबुक और इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर दर्ज हुआ मामला

हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस के अनुसार, मामला CJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कथित तौर पर मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित किए जाने से जुड़ा है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में कई सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. साथ ही Meta के इंडिया हेड को भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत सह-आरोपी बनाया गया है.

बीजेपी समर्थकों की शिकायत पर हुई कार्रवाई

बताया जा रहा है कि यह एफआईआर बीजेपी समर्थकों की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है. शिकायतकर्ताओं में तेलंगाना बीजेपी की सोशल मीडिया कोर कमेटी के सदस्य टी. साईकिरण गौड़ और पार्टी समर्थक एस. अरविंद रेड्डी शामिल हैं. रिपोर्ट के अनुसार, टी. साईकिरण गौड़ ने फेसबुक और इंस्टाग्राम के करीब 20 लिंक पुलिस को सौंपे और Meta के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने Meta को भेजा नोटिस

साइबर क्राइम पुलिस ने Meta को नोटिस जारी कर शिकायतकर्ताओं द्वारा बताए गए आपत्तिजनक लिंक और उनसे जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है. जांच अधिकारी ने बताया कि मामले में दर्ज एफआईआर के संबंध में Meta को नोटिस भेजा गया है. साथ ही आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए जरूरी जानकारियां जुटाई जा रही हैं.

शिकायत में लगाए गए गंभीर आरोप

शिकायतकर्ता एस. अरविंद रेड्डी ने आरोप लगाया कि उन्हें फेसबुक और इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति और पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से जुड़े कई मॉर्फ्ड, डिजिटल रूप से छेड़छाड़ किए गए, अश्लील, अपमानजनक और भ्रामक वीडियो तथा तस्वीरें मिलीं. उन्होंने इन पोस्टों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

भारत सरकार ने भी Meta से मांगा जवाब

हाल के दिनों में भारत में Meta कई मामलों को लेकर विवादों में रहा है. इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने Meta के वरिष्ठ अधिकारियों को तलब किया है. मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने समाचार एजेंसी ANI से कहा कि सरकार ने Meta से अपने सबसे वरिष्ठ प्रतिनिधियों को भेजने के लिए कहा है, ताकि वे उठाए गए मुद्दों पर नीतिगत और तकनीकी स्तर पर पूरी जानकारी और स्पष्टीकरण दे सकें.

PM मोदी का वीडियो हटाने पर भी घिरी थी Meta

मंगलवार को Meta ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक वीडियो को फेसबुक से हटाए जाने के मामले में बयान जारी किया था. कंपनी ने कहा था कि वीडियो “गलती से हटा दिया गया था” और बाद में उसे दोबारा बहाल कर दिया गया. इसके तुरंत बाद सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने Meta (फेसबुक और इंस्टाग्राम) के ग्लोबल हेड ऑफ पब्लिक पॉलिसी को भी तलब किया था.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *