मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2026 का सफर अभी तक अच्छा नहीं रहा है. गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई को 103 रनों के बड़े अंतर से हराया. इतिहास में पहली बार है जब मुंबई 100 या इससे अधिक रनों के अंतर से हारी है. रनों के आधार पर ये चेन्नई की सबसे बड़ी जीत है. कप्तान हार्दिक पांड्या पहले गेंदबाजी में महंगे साबित हुए और फिर बल्ले से फ्लॉप हुए, वह अपनी दूसरी गेंद पर 1 रन बनाकर आउट हुए. मैच के बाद उन्होंने कहा कि हमें पॉवरप्ले में अच्छी बल्लेबाजी करनी चाहिए थी, उन्होंने (CSK) भी तो इसी पिच पर बल्लेबाजी की थी.
संजू सैमसन के शतक की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने 207 रन का स्कोर खड़ा किया था. चेज करते हुए मुंबई इंडियंस की पूरी टीम 104 रनों पर सिमट गई. 11 पर 3 विकेट गिरने के बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के बीच 73 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन फिर इस जोड़ी के टूटने के बाद पूरी टीम बिखर गई. हार्दिक पांड्या ने मैच के बाद कहा कि इस स्कोर का पीछा करते हुए हमें अच्छा पॉवरप्ले चाहिए था.
क्या बोले हार्दिक पांड्या
हार्दिक ने मैच के बाद कहा, “पावरप्ले में विकेट गंवाना हमेशा मुश्किल होता है. उसके बाद हम संभल नहीं पाए. हमें बेहतर बल्लेबाजी करनी थी. उन्होंने भी तो इसी पिच पर बल्लेबाजी की थी. संजू सैमसन ने एक शानदार पारी खेली और उनके बैट्समैन आते रहे और धीरे-धीरे एक अच्छा स्कोर खड़ा कर दिया. इस स्कोर का पीछा करने के लिए हमें एक अच्छा पावरप्ले चाहिए था और मोमेंटम भी, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया.”
यह भी पढ़ें- MI-CSK मैच के बाद कितनी बदली प्वाइंट्स टेबल? जानें किसके पास है ऑरेंज और पर्पल कैप
बता दें कि मुंबई इंडियंस के 3 विकेट मात्र 11 के स्कोर पर गिर गए थे. क्विंटन डिकॉक 7 रन बनाकर आउट हुए और दानिश मालेवर और नमन धीर तो खाता भी नहीं खोल पाए. इसके बाद सूर्यकुमार और तिलक वर्मा के बीच 73 रनों की साझेदारी हुई. ये साझेदार 84 के स्कोर पर टूटी, इसके बाद 20 रनों के अंदर बाकी सभी विकेट भी गिर गए और पूरी मुंबई इंडियंस 104 रनों पर सिमट गई.
यह भी पढ़ें- MI के खिलाफ शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने संजू सैमसन, वानखेड़े में सेंचुरी ठोक रचा इतिहास
सूर्यकुमार (36) और तिलक वर्मा (37) को छोड़कर मुंबई इंडियंस का कोई और बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाया. हार्दिक पांड्या 1, शेरफेन रदरफोर्ड 0 और शार्दुल ठाकुर 6 रन बनाकर आउट हुए.
