Vaibhav Sooryavanshi vs Jofra Archer: भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में लगातार दूसरे मैच में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. तीसरे टी20 में 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव ने शुरुआत तो आक्रामक अंदाज में की, लेकिन जोफ्रा आर्चर की घातक बाउंसर पर विकेट गंवा बैठे. 202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. उन्होंने अपनी छोटी पारी में दो शानदार छक्के लगाए, लेकिन बड़ी पारी खेलने का सपना एक बार फिर अधूरा रह गया. वैभव ने सिर्फ 5 गेंदों का सामना करते हुए 13 रन बनाए. इससे पहले दूसरे टी20 में भी वह 10 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए थे.
जोफ्रा आर्चर की बाउंसर बनी काल
भारतीय पारी के तीसरे ओवर में जोफ्रा आर्चर गेंदबाजी के लिए आए. ओवर की चौथी गेंद पर आर्चर ने 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लेग स्टंप की लाइन पर तेज शॉर्ट पिच गेंद फेंकी. वैभव ने इस गेंद पर हुक शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद की अतिरिक्त रफ्तार के सामने वह पूरी तरह चूक गए. गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर जोस बटलर के दस्तानों में समा गई. बटलर ने आसान कैच लपकने में कोई गलती नहीं की. आउट होने के बाद वैभव बिना अंपायर के फैसले का इंतजार किए ही निराश होकर पवेलियन लौट गए.
लगातार दूसरी बार नहीं मिली बड़ी पारी
इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी से भारतीय टीम और फैंस को बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन शुरुआती दो मुकाबलों में वह अपनी प्रतिभा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके. हालांकि, दोनों पारियों में उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी की झलक जरूर दिखाई. अब टीम मैनेजमेंट को उम्मीद होगी कि युवा बल्लेबाज आगामी मुकाबलों में अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में सफल रहेंगे.
