लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक्ट्रेस कृति सेनन के समर्थन में उतरे. इंस्टाग्राम पर कृति सेनन के स्टोरी को रिपोस्ट कर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लिखा, ‘एक महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है यह उसकी पसंद है. महिलाओं को अपनी स्वतंत्रता का उपयोग करने पर ट्रोल करना बंद करें.’
रक्षाबंधन के मौके पर जारी अपने नए विज्ञापन में आउटफिट को लेकर एक्ट्रेस कृति सेनन ऑनलाइन आलोचना का सामना करना पड़ा. ज्वेलरी ब्रांड के एक विज्ञापन में कृति के इंडो-वेस्टर्न लुक को लेकर सवाल उठाए गए. इसके बाद अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी बिना नाम लिए विज्ञापन की स्टाइलिंग पर निशाना साधा. ट्रोलर्स को जवाब देते हुए कृति सेनन ने कहा कि भले ही सालों में पारंपरिक फैशन में बदलाव आया है, लेकिन अब भी किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को उसके कपड़ों से मापा जाता है.
ट्रोलर्स पर भड़कीं कृति सेनन
एक्ट्रेस कृति सेनन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर नोट शेयर कर लिखा, ‘संस्कृति और परंपराएं दिल में होती हैं, नेकलाइन में नहीं. महिलाओं को ये बताना हम कब बंद करें कि उन्हें क्या पहनना चाहिए? सालों में पारंपरिक फैशन विकसित हुआ है, लेकिन अब भी किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को सिर्फ उसके कपड़ों से मापा जाता है.’
कृति सेनन ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, ‘त्योहारों का मतलब आपके पहने हुए कपड़ों में नहीं है, बल्कि उन परंपराओं के प्रति भावनाओं और उनके महत्व में है. रक्षाबंधन का त्योहार सुरक्षा और प्यार के रिश्ते का प्रतीक है. मैं और मेरी बहन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और एक-दूसरे की सुरक्षा, अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र की कामना करती हैं. मेरे लिए यह प्यार, प्रार्थना और एक-दूसरे की देखभाल का रिश्ता हमारे डॉग्स तक भी पहुंचता है, क्योंकि वे भी हमारे परिवार का हिस्सा हैं.’
क्या है एड का मामला?
इस विज्ञापन में कृति सेनन ने ऑफ-व्हाइट कलर का इंडो-वेस्टर्न आउटफिट पहना हुआ है. इसमें ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज, ड्रेप्ड स्कर्ट और केप शामिल है. विज्ञापन सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके कपड़ों को त्योहार के हिसाब से सही नहीं बताया. मामला तब और चर्चा में आया जब कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया. उन्होंने कृति का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी बातों को इसी विज्ञापन से जोड़कर देखा गया.
कृति के एड पर कंगना का कमेंट
बीजेपी सांसद कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘महिला होने के लिए यह शानदार समय है. हमारी अलमारियां कई तरह के कपड़ों से भरी हैं और आज की महिला ग्लोबल महिला है. कॉकटेल ड्रेस से लहंगा चोली, जींस से साड़ी और बिकिनी से सलवार-कमीज तक, आज हमारे पास कपड़ों के इतने विकल्प हैं. फिर आप अपने भाई को बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में राखी क्यों बांधेंगी? आपके पास स्टाइलिंग के इतने विकल्प कहां गए? यह विज्ञापन जानबूझकर अजीब बनाया गया लगता है.’
