टीवी के पॉपुलर शोज के अपकमिंग एपिसोड्स में कई बड़े ट्विस्ट देखने को मिलने वाले हैं. कहीं रिश्तों में बढ़ती तकरार कहानी में नया मोड़ लाएगी, तो कहीं चौंकाने वाले खुलासे दर्शकों को हैरान कर देंगे. जानिए ‘अनुपमा’, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ और दूसरे लोकप्रिय शोज में आने वाले खास ड्रामे और ट्विस्ट.
‘वसुधा’
ज़ी टीवी के सीरियल ‘वसुधा’ के अपकमिंग एपिसोड में दर्शकों को बड़ा ट्विस्ट देखने को मिलेगा. प्रभात के बार-बार सवाल करने पर आखिरकार चंद्रिका सच बता देती है कि दादी सा के इलाज के लिए देव और वसुधा की शादी सिर्फ एक नाटक थी. वहीं, जैसे ही दादी सा को होश आता है और वो वसुधा को अपने सामने देखती हैं, उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच जाता है. दूसरी ओर, दादी सा की उम्मीदों पर खरी न उतर पाने की वजह से वसुधा खुद को दोषी मानने लगती है. ऐसे में देव उसका हौसला बढ़ाता है और भरोसा दिलाता है कि उसके पास इस मुश्किल का एक परफेक्ट हल है.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ में कुकिंग कॉम्पिटिशन के दौरान लीला (बा) और वसुंधरा के बीच जबरदस्त तकरार देखने को मिलेगी. टास्क के दौरान दोनों एक-दूसरे पर तंज कसती नजर आएंगी और अपनी-अपनी टीम की परफॉर्मेंस को लेकर बहस करती हैं. वहीं, कॉम्पिटिशन में मशरूम, बेबी कॉर्न, एवोकाडो और चेरी टोमैटो जैसे इंग्रीडिएंट्स को लेकर भी नया ट्विस्ट देखने को मिलेगा. अनुपमा इस पूरे मामले को संभालने की कोशिश करती है और सबको आगे का प्लान समझाती है.
‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’
लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में इन दिनों गोकुलधाम सोसाइटी के रेनोवेशन का ट्रैक देखने को मिल रहा है. सोसाइटी का काम पूरा होने के बाद ठेकेदार भिड़े को 5 लाख रुपये का एक्स्ट्रा बिल थमा देता है, जिसे देखकर वो परेशान हो जाते है. भिड़े अपनी इस परेशानी के बारे में माधवी को बताता है. इसके बाद माधवी उन्हें सलाह देती है कि वो इस मामले में तारक मेहता से मदद ले. अब भिड़े अपनी समस्या लेकर तारक के पास पहुंचेगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या तारक इस मुश्किल का कोई हल निकाल पाते हैं या फिर भिड़े की परेशानी और बढ़ जाती है.
‘तुम से तुम तक’
जी टीवी के पॉपुलर शो ‘तुम से तुम तक’ में यश के बनाए एक स्केच से कहानी में नया ट्विस्ट आने वाला है. यश अनु को बताता है कि उसके दिमाग में बार-बार ‘राजनंदिनी’ का नाम आ रहा था, जिसके बाद उसने बिस्तर पर बैठे-बैठे एक स्केच बना दिया. जब अनु उस स्केच को खोलकर देखती है तो उसमें एक छोटा लड़का एक साड़ी पहने महिला का हाथ पकड़े नजर आता है. अनु यश को बताती है कि वो बच्चा कोई और नहीं बल्कि खुद यश है और वो महिला राजनंदिनी है. इसके बाद अनु को एहसास होता है कि यश और राजनंदिनी के बीच बचपन से ही कोई गहरा रिश्ता रहा है.
‘गंगा माई की बेटियां’
टीवी शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के अपकमिंग एपिसोड में सोनी को लेकर नया ड्रामा देखने को मिलेगा. कॉलेज की प्रिंसिपल उसे तुरंत अपने माता-पिता को बुलाने के लिए कहती है. सोनी अपनी बात समझाने की कोशिश करती है, लेकिन प्रिंसिपल उसकी कोई भी सफाई सुनने को तैयार नहीं होती. सोनी प्रिंसिपल को बताती है कि उसकी मां गंगा माई की तबीयत ठीक नहीं है, इसलिए वो स्कूल नहीं आ सकती. वो उनसे काफी मिन्नतें करती है, लेकिन प्रिंसिपल अपने फैसले पर कायम रहती है. वहीं, गंगा माई की तबीयत खराब होने की वजह से स्नेहा और सिद्धू के सामने भी कई मुश्किलें आने वाली हैं.
ये भी पढ़ें:-Wednesday BO: बुधवार को ‘स्पाइडर मैन’ से ‘धमाल 4’ और ‘जन नायकन’ तक किसने किया कितना कलेक्शन, जानें- रिपोर्ट
