राजधानी पटना के आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय (एकेयू) के बाहर मंगलवार (25 अगस्त, 2026) को आक्रोशित छात्रों की भीड़ ने कई पुलिसकर्मियों की पिटाई कर दी. कई छात्रों ने विश्वविद्यालय कैंपस के अंदर घुसने की कोशिश भी की. इस दौरान किसी तरह कैंपस के अंदर घुसकर पुलिसकर्मयों ने अपनी जान बचाई. पिटाई से दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है.
रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका पर प्रदर्शन कर रहे थे छात्र
पूरा मामला जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय से जुड़ा है जो आर्यभट्ट विश्वविद्यालय के कैंपस में ही है. जानकारी के अनुसार, रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका को लेकर बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय परिसर के बाहर जुटे थे. इसी दौरान छात्रों औ पुलिस के बीच झड़प हो गई. आक्रोशित छात्र पुलिस से उलझ गए. पुलिस की लाठी छीनकर उनकी पिटाई कर दी.
बताया जाता है कि आर्यभट्ट यूनिवर्सिटी कैंपस में भी छात्रों ने तोड़फोड़ की है. वहां मौजूद कर्मियों के साथ भी मारपीट करने की खबर है. पुलिस की पिटाई का एक वीडियो सामने आया है जिसमें दिख रहा है कि एक पुलिसकर्मी यूनिवर्सिटी के गेट पर गिरा है और छात्र पीट रहे हैं. इस दौरान एक-दो छात्र पुलिस को छोड़ देने की बात भी कहते हैं. इसके बाद वह किसी तरह जान बचाकर भागता है.
यह भी पढ़ें- राम रहीम पर पप्पू यादव, ‘शिक्षा पर बात करो तो AK-47, रेप करो तो पैरोल’
पुलिस पर लाठीचार्ज करने का छात्रों ने लगाया आरोप
घायल होने वालों में एक महिला पुलिसकर्मी बताई जा रही है. दूसरे घायल पुलिसकर्मी जितेंद्र कुमार के सिर और पैर में गंभीर चोट लगी है. उनका इलाज जारी है. हंगामे के दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ राहगीरों की गाड़ियों के शीशे भी टूट गए. छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया था.
छात्रों का कहना है कि वे रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका को लेकर अपनी मांग रखने विश्वविद्यालय पहुंचे थे, लेकिन उनकी बात सुनने की जगह पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी. घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल विश्वविद्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात है. स्थिति पर नजर रखी जा रही है. तनाव को देखते हुए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
यह भी पढ़ें- पटना: छात्रों पर लाठीचार्ज से रोहिणी आचार्य आग बबूला, बोलीं- ‘सम्राट सरकार…’
