Headlines

बेघर भाई ने बंधवाई स्कूली बच्ची से राखी, वीडियो देख रो पड़े यूजर्स


सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा भावुक कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी की भी आंखें नम हो सकती हैं. वीडियो में सड़क पर रहने वाला एक बेघर शख्स स्कूल से लौट रही करीब 11 साल की बच्ची को राखी देता है और उसे अपने हाथ में बांधने का इशारा करता है. शुरुआत में बच्ची उसे देखकर थोड़ा डर जाती है, लेकिन कुछ ही पल बाद जब उसे समझ आता है कि वह शख्स उसे अपनी बहन मानकर राखी बंधवाना चाहता है, तो उसका डर खत्म हो जाता है. बच्ची आगे बढ़कर उस बेघर शख्स को राखी बांध देती है. इसके बाद जो होता है वो लोगों को रुला रहा है.

डर से भरोसे तक का खूबसूरत सफर

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क किनारे एक बेघर शख्स बैठा हुआ है. तभी स्कूल की ड्रेस पहने एक छोटी बच्ची वहां से गुजरती है. शख्स बच्ची को देखकर उसे रोकने की कोशिश करता है और अपने हाथ में रखी राखी उसकी तरफ बढ़ाता है. वह इशारों में बच्ची से राखी बांधने के लिए कहता है. अचानक ऐसा होता देख बच्ची कुछ पल के लिए घबरा जाती है और दूरी बनाकर खड़ी रहती है. लेकिन जब उसे समझ आता है कि सामने वाला शख्स किसी गलत इरादे से नहीं, बल्कि उसे अपनी बहन मानकर राखी बंधवाना चाहता है, तो उसके चेहरे का डर धीरे-धीरे खत्म हो जाता है. इसके बाद बच्ची पूरे अपनापन के साथ उसके पास पहुंचती है और उसकी कलाई पर राखी बांध देती है. 

राखी बंधी तो भाई ने छू लिए बहन के पैर

बच्ची के राखी बांधते ही बेघर शख्स का चेहरा खुशी से भर जाता है. इसके बाद वह अचानक बच्ची के पैरों में गिर जाता है. यह देखकर आसपास का माहौल भी भावुक हो जाता है. उसके पास शायद न अपना घर है, न परिवार और न ही अपनी बहन को देने के लिए कोई बड़ी चीज. लेकिन राखी के उस छोटे से धागे ने उसके चेहरे पर ऐसी खुशी ला दी, जिसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है. वीडियो में यह पल देखकर सोशल मीडिया पर लोग भी भावुक हो रहे हैं. कई यूजर्स का कहना है कि रिश्ते हमेशा खून से नहीं बनते, कई बार एक छोटा सा भरोसा और अपनापन भी किसी को अपना बना देता है. बच्ची ने भी उस शख्स की भावनाओं को समझते हुए बिना किसी भेदभाव के उसे भाई का दर्जा दिया.

पैसे नहीं थे तो लाठी ही बहन को दे दी

वीडियो का सबसे भावुक हिस्सा इसके बाद सामने आता है. राखी बंधवाने के बाद जब भाई की तरफ से बहन को तोहफा देने की बारी आती है तो उसके पास कुछ भी नहीं होता. वह अपने हाथों और इशारों से बताता है कि उसके पास देने के लिए पैसे या कोई सामान नहीं है. उसके हाथ में सिर्फ एक लाठी दिखाई देती है. इसके बाद वह वही लाठी अपनी छोटी बहन को दे देता है. ऐसा लगता है जैसे वह कहना चाहता हो कि मेरे पास तुम्हें देने के लिए कुछ नहीं है, लेकिन यह लाठी तुम्हारी रक्षा करेगी. इस छोटे से तोहफे में उस बेघर भाई का पूरा प्यार और अपनापन दिखाई देता है.

यह भी पढ़ें: 50 और 10 का नोट जोड़कर चीज खरीदने पहुंच गई मासूम, दुकानदार का रिएक्शन वायरल

वीडियो देख रो पड़े यूजर्स

वीडियो को soni4362devi नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है. ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा….मर्द की यही खूबसूरती है, दिल खुश हो गया. एक और यूजर ने लिखा…इसे अच्छे से मालूम है कि लड़कियों की इज्जत कैसे की जाती है. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…लड़की ने बड़ा दिल दिखाया, मैं तो रो पड़ा.

यह भी पढ़ें: अब करो चोरी… ट्रेन में फोन चोर को महिला ने ऐसे दबोचा कि वायरल हो गया वीडियो





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *