भारतीय टीम अभी श्रीलंका में है, जहां 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और दूसरा सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में 23 अगस्त से शुरू होगा. रविंद्र जडेजा अगर दोनों टेस्ट में खेलते हैं तो वह भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ियों की टॉप-10 में शामिल हो जाएंगे. वह वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ देंगे. देखें अभी लिस्ट में कौन-कहां पर है.
1. सचिन तेंदुलकर
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर न सिर्फ भारत, बल्कि दुनिया में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने कुल 664 मैच खेले हैं, जिसमें 34357 रन बनाए हैं. वह 100 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले एकलौते बल्लेबाज हैं. उनके नाम 201 विकेट भी हैं.
2. विराट कोहली
लिस्ट में दूसरे नंबर पर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 2008 से लेकर अभी तक भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में 562 मैच खेले हैं. वह टेस्ट और टी20 से संन्यास ले चुके हैं और अभी सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं. उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में 28359 रन हैं. वह सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं, जो 85 शतक जड़ चुके हैं.
3. एमएस धोनी
एमएस धोनी ने 2004 से 2019 के बीच भारत के लिए 538 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें 17266 रन बनाए. वह भारत के सबसे सफलतम कप्तानों में से एक हैं, जो टी20 और ओडीआई वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान रहे हैं. उनके नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 16 शतक हैं.
यह भी पढ़ें- पिछले 10 महीने में 5वीं बार चोटिल हुए हैं शुभमन गिल, जानिए कब-क्या हुआ था
4. रोहित शर्मा
कोहली की तरह रोहित शर्मा भी अभी सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं, वह लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं. उन्होंने भारत के लिए अभी तक 514 मैच खेले हैं, जिसमें 20427 रन बनाए हैं. रोहित के नाम 51 शतक हैं.
5. राहुल द्रविड़
राहुल द्रविड़ ने भारत के लिए 509 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें 24208 रन बनाए हैं. द्रविड़ भारत के लिए 48 शतक लगा चुके हैं.
6. मोहम्मद अजहरुदीन
पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन लिस्ट में छठे नंबर पर हैं, जिन्होंने भारत के लिए 433 मैच खेले हैं. उन्होंने 15593 रन बनाए हैं, जिसमें 29 शतक शामिल हैं.
7. सौरव गांगुली
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भारत के लिए सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वालों की लिस्ट में सातवें नंबर पर हैं. गांगुली ने भारत के लिए कुल 424 मैच खेले हैं, जिसमें 18575 रन बनाए हैं. गांगुली ने भारत के लिए 38 शतक लगाए हैं.
8. अनिल कुंबले
आठवें नंबर पर अनिल कुंबले हैं, जिन्होंने अपने करियर में 403 इंटरनेशनल मैच खेले. वह भारत के सबसे महान गेंदबाजों में शुमार रहे, जो टीम इंडिया के हेड कोच भी बने.
यह भी पढ़ें- ‘स्किल होना अलग बात है लेकिन उसमें…’ वैभव सूर्यवंशी को लेकर धवन की भविष्यवाणी
9. युवराज सिंह
सिक्सर किंग नाम से मशहूर युवराज सिंह लिस्ट में नौवें नंबर पर हैं, जिन्होंने भारत के लिए 402 इंटरनेशनल मैच खेले. उनके नाम 11778 रन हैं, उन्होंने 17 शतक जड़े.
10. वीरेंद्र सहवाग
वीरेंद्र सहवाग 374 मैचों के साथ लिस्ट में 10वें नंबर पर हैं. उन्होंने भारत के लिए 17253 रन बनाए, 38 शतक जड़े. हालांकि अगर रविंद्र जडेजा श्रीलंका के खिलाफ दोनों टेस्ट खेलते हैं तो 375 मैचों के साथ लिस्ट में 10वें स्थान पर पहुंच जाएंगे. अभी जडेजा ने भारत के लिए 373 मैच खेले हैं.
