Headlines

‘कानूनी संरक्षण…’, EC विवाद के बीच प्रियंका गांधी ने की ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग


कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर अपना हमला तेज करते हुए शनिवार को उनके इस्तीफे और चुनाव आयुक्तों को दिए गए कानूनी संरक्षण को हटाने की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने निर्वाचन आयोग को जवाबदेही से बचाने के लिए यह कानूनी संरक्षण दिया है. प्रियंका ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ उन्हें हटाए जाने की मांग को लेकर एकजुट है.

प्रियंका निर्वाचन आयोग के तीन सदस्यीय पैनल में मतभेद की खबरों, मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नाम हटाने और जोड़ने, नए मतदाताओं के लिए प्रपत्र में बदलाव तथा मतदाता डेटा तक पहुंच से जुड़े विभिन्न फैसलों और निर्देशों को लेकर पूछे गए सवालों का जवाब दे रही थीं. वायनाड लोकसभा सीट से सांसद प्रियंका ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘चुनाव आयुक्तों को दिए गए कानूनी संरक्षण को हटाया जाना चाहिए. यह संरक्षण भाजपा सरकार ने चुनाव आयुक्तों को उनके किसी भी कृत्य के लिए जवाबदेही से बचाने के उद्देश्य से प्रदान किया था.’’

प्रियंका ने मांगा ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा

वह मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023 का जिक्र कर रही थीं, जिसके तहत धारा 16 में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) और चुनाव आयुक्तों (ईसी) को कानूनी संरक्षण प्रदान किया गया है. प्रियंका ने कहा कि अगर कोई चुनाव आयुक्त लोकतंत्र के खिलाफ गंभीर अपराध कर रहा है, तो राजनीतिक नेतृत्व के समर्थन के बिना ऐसा होना व्यावहारिक रूप से असंभव होगा.

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘यदि कोई व्यक्ति देश, हमारे संविधान या भारत के खिलाफ गैरकानूनी काम कर रहा है, तो उसके द्वारा किए गए आपराधिक कृत्य के लिए उस पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए. यह देशद्रोह है और इसके लिए उस पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए.’’ प्रियंका ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव आयुक्तों को संरक्षण दे रही है. उन्होंने कहा, ‘‘यदि कोई चुनाव आयुक्त लोकतंत्र के खिलाफ इतने गंभीर अपराध कर रहा है, तो नेतृत्व के समर्थन के बिना ऐसा करना व्यावहारिक रूप से असंभव है.’’

कानूनी संरक्षण हटाने की मांग

उन्होंने सवाल किया, ‘‘आप हर चुनाव से पहले उनके अति आत्मविश्वास भरे बयान देख रहे हैं… वे यह तक बता देते हैं कि उन्हें कितनी सीटें मिलने वाली हैं… उन्हें यह अति आत्मविश्वास कहां से मिल रहा है?’’ प्रियंका ने दावा किया कि जमीनी स्तर पर लोग भाजपा से नाराज हैं और कहा कि लोगों की कही बातों तथा चुनाव परिणामों के बीच अंतर है. उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, जमीनी स्तर पर लोगों से जो सुनने को मिलता है, वह कुछ और होता है और चुनाव परिणाम कुछ और होते हैं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी तत्काल मांग है कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें. ‘इंडिया’ गठबंधन इस मांग को लेकर एकजुट है. गठबंधन का प्रत्येक नेता इस बात से पूरी तरह सहमत है कि जो कुछ हो रहा है, वह पूरी तरह गैरकानूनी और असंवैधानिक है.’’ मामले में कांग्रेस की तत्काल मांग के बारे में पूछे जाने पर प्रियंका ने कहा कि राहुल गांधी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए.

उन्होंने कहा, ‘‘‘इंडिया’ गठबंधन इस मुद्दे पर पूरी तरह स्पष्ट है. गठबंधन का हर एक नेता और हर एक दल इस बात से पूरी तरह सहमत है कि जो कुछ हो रहा है, वह पूरी तरह गैरकानूनी है… यह संविधान विरोधी है… देश के खिलाफ है. हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है. और जो लोग ऐसा कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.’’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *