टीवी शोज के अपकमिंग एपिसोड में हर दिन नए ट्विस्ट और टर्न देखने को मिलते हैं. कहीं रिश्तों में बढ़ती दरार कहानी को नया मोड़ देती है, तो कहीं किसी किरदार की नई चाल से पूरा परिवार मुसीबत में फंस जाता है. ‘अनुपमा’, ‘वसुधा’, ‘तुम से तुम तक’ और ‘गंगा माई की बेटियां’ में भी आने वाले एपिसोड्स में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिलेगा. आइए जानते हैं, इन शोज की कहानी में आगे क्या-क्या होने वाला है.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ के अपकमिंग एपिसोड में कुकिंग कॉम्पटीशन के ग्रैंड फिनाले में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिलेगा. अनुपमा और दिग्विजय के समय पर वेन्यू न पहुंचने से उनकी मुश्किलें बढ़ जाएंगी. होस्ट ऐलान करेगा कि अगर अनुपमा अगले 5 मिनट में नहीं पहुंचीं, तो उन्हें डिस्क्वालीफाई कर दिया जाएगा. वहीं, अनुपमा की तबीयत खराब होगी और उनकी स्वाद चखने की क्षमता भी चली जाएगी. उधर, राही साफ कहेगी कि उसे वॉकओवर नहीं चाहिए, बल्कि वो अनुपमा को हराकर जीतना चाहती है. इस बीच गौतम बैकस्टेज अपनी नई साजिश रचेगा, ताकि प्रेम और अनुपमा को फिनाले में आगे बढ़ने से रोका जा सके.
ये भी पढ़ें:- ‘CCTV फुटेज, रिकॉर्डिंग सब है…’, आसिम रियाज के ‘सबूत’ वाले बयान पर भड़कीं हिमांशी खुराना
‘वसुधा’
जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘वसुधा’ के आने वाले एपिसोड में चौहान हाउस में चल रहा फैमिली ड्रामा और बढ़ने वाला है. चंद्रिका और मांजी सा के बीच बढ़ती दूरियों से घर का माहौल तनावपूर्ण रहेगा. मांजी सा के रवैये से आहत चंद्रिका चौहान हाउस छोड़ने की बात कहेगी, जिससे पूरा परिवार परेशान हो जाएगा. वहीं, वसुधा दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश करती नजर आएगी, लेकिन प्रेग्नेंसी से जुड़े झूठ और अफवाहों के बाद मांजी सा का गुस्सा अ भी शांत नहीं हुआ है. दूसरी तरफ, दिनेश की साजिशें भी परिवार के लिए नई मुश्किलें खड़ी करेंगी. हालांकि, देवांश और चंद्रिका मिलकर उसकी चालों को नाकाम करने की कोशिश करेंगे.
‘तुम से तुम तक’
ज़ी टीवी के पॉपुलर शो ‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में अनु, आर्या और मीरा के बीच चल रहा सस्पेंस और गहरा होने वाला है. अनु को राजीव के आर्यवर्धन होने का सच पता चल चुका है, जिसके बाद वो अपने पिछले जन्म और राजनंदिनी से जुड़े अतीत को समझने की कोशिश करेगी. वहीं, आर्या को डर सताएगा कि कहीं अनु उसकी असली पहचान और पुराने राज से पर्दा न उठा दे. इस वजह से वो अनु पर कड़ी नजर रखेगा. दूसरी तरफ, मीरा अनु को आर्या की जिंदगी से दूर करने के लिए नई चाल चलेगी. वो वर्धन ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज में ऐसा जाल बिछाएगी, जिससे अनु आर्या की नजरों में गिर जाए. लेकिन अब अनु पहले जैसी डरी-सहमी नहीं है.
‘गंगा माई की बेटियां’
ज़ी टीवी के पॉपुलर शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के अपकमिंग एपिसोड में सरला की चाल बेनकाब होने के बाद घर में नया बवाल देखने को मिलेगा. स्नेहा द्वारा सरला का प्लान सबके सामने लाने के बाद वो खुद को बचाने के लिए नया पैंतरा चलेगी और गंगा माई और उसकी बेटियों पर पलटवार करने की कोशिश करेगी. वहीं, गंगा माई अपनी बेटियों के सम्मान और परिवार की रक्षा के लिए सरला को कड़ा जवाब देगी और उसकी ज्यादतियां अब बर्दाश्त न करने की चेतावनी देगी. दूसरी तरफ, सिद्धू और दुर्गेश्वरी के बीच तनाव और बढ़ सकता है. सिद्धू इस पारिवारिक विवाद के बीच सच का साथ देने की कोशिश करेगा, जिससे सरला की मुश्किलें बढ़ जाएंगी. वहीं, सच सामने लाने के बाद स्नेहा अब सरला के निशाने पर होगी, लेकिन वो डरने के बजाय गंगा माई के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी.
ये भी पढ़ें:- क्या गोविंदा के बेटे यशवर्धन से शादी करेंगी जॉनी लीवर की बेटी? जेमी लीवर ने बता दिया सच
