बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन अपनी सुपरहिट फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ का तीसरा और आखिरी पार्ट लेकर आ रहे हैं. 2026 की इस मच अवेटेड फिल्म का दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी में इंस्पेक्टर गायतोंडे का किरदार निभाकर अपनी खास पहचान बनाने वाले एक्टर कमलेश सावंत ने हाल ही में अजय देवगन के साथ काम करने का एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है.
‘दृश्यम’ की तीसरी फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की रिलीज से पहले कमलेश सावंत ने साल 2015 में फिल्म के सेट पर अजय देवगन के साथ हुई अपनी मुलाकात को याद किया. कमलेश सावंत इससे पहले अजय देवगन के साथ साल 2004 में आई फिल्म ‘खाकी’ में काम कर चुके थे. इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया था. इसके करीब 11 साल बाद दोनों ‘दृश्यम’ के लिए दोबारा साथ आए. इस फिल्म की शूटिंग गोवा में हुई थी.
अजय देवगन ने खुद शुरू की बातचीत
बॉलीवुड हंगामा को दिए इंटरव्यू में कमलेश सावंत ने बताया कि वो शूटिंग के दौरान आमतौर पर बड़े स्टार्स के पास जाकर उन्हें परेशान नहीं करते और अपने किरदार पर ध्यान देना पसंद करते हैं. हालांकि, ‘दृश्यम’ के सेट पर अजय देवगन ने खुद उनसे बातचीत शुरू की थी.
अजय ने ‘खाकी’ का दिलाया याद
कमलेश ने कहा, ‘2004 में मैंने अजय देवगन के साथ ‘खाकी’ की थी. 11 साल बाद हम ‘दृश्यम’ के लिए गोवा में शूटिंग कर रहे थे. मैं आमतौर पर शूटिंग के दौरान सुपरस्टार्स के पास नहीं जाता और अपने किरदार पर ध्यान देता हूं. शूटिंग के दौरान अजय देवगन ने मुझे देखा और खुद मेरे पास आकर कहा, “कमलेश तू ‘खाकी’ में था ना, ब्लैक में, मैं तुझे गोली मारता हूं.” ये सुनकर मैं हैरान रह गया.’
ये भी पढ़ें:- TV Serial Spoilers: अनुपमा की जान बचाएगा रणविजय, प्रभात के एक्सीडेंट से मचेगा हड़कंप
‘मैं पूरी कोशिश करूंगा…’
इसके बाद अजय देवगन ने कमलेश सावंत के ‘गायतोंडे’ किरदार को लेकर भी उनसे बात की. उन्होंने कहा, ‘अब हर कोई जानना चाहता है कि गायतोंडे का किरदार कौन निभा रहा है, तो इसे बेस्ट बनाते हैं.’ कमलेश ने बताया कि उन्होंने अजय देवगन से कहा कि वो इस किरदार को अच्छे से निभाने और उसमें अपनी तरफ से कुछ नया देने की पूरी कोशिश करेंगे. एक्टर ने अजय की तारीफ करते हुए कहा कि उनका खुद आगे बढ़कर बातचीत करना उनके लिए बहुत बड़ी बात थी.
कमलेश ने कहा, ‘अजय देवगन जैसे बड़े स्टार का खुद मेरे पास आकर बात करना मेरे जैसे कैरेक्टर एक्टर के लिए बेहद खास है. वो एक लीजेंड हैं.’
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं कमलेश सावंत
बता दें कि कमलेश सावंत ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी में इंस्पेक्टर गायतोंडे का किरदार निभाते आ रहे हैं. उनका किरदार विजय सालगांवकर और उसके परिवार से जुड़े केस की जांच से जुड़ा हुआ है. फिल्म में उनकी एक्टिंग को दर्शकों ने काफी पसंद किया. अब ये देखना दिलचस्प होगा कि तीसरे पार्ट में कमलेश सावंत अपने किरदार से क्या कमाल दिखाते हैं.
कब रिलीज होगी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’?
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है. फिल्म में अजय देवगन के अलावा तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव जैसे कलाकार नजर आएंगे. फिल्म की कहानी अभिषेक पाठक, आमिल कीयान खान और परवेज शेख ने लिखी है. ये फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
ये भी पढ़ें:- ‘लव एंड वॉर’ की तिकड़ी का दिखा जलवा, भंसाली संग डिनर डेट पर निकले आलिया-रणबीर और विक्की
