Headlines

नीट यूजी में 7 साल में 42% बढ़ें उम्मीदवार, 2026 में करीब 20 लाख ने दी परीक्षा


देश में मेडिकल की पढ़ाई के लिए बढ़ते कंपटीशन का असर नीट यूजी में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या पर भी दिख रहा है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार नीट यूजी में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की संख्या पिछले 7 साल में करीब 42.5 फीसदी बढ़ी है. साल 2019 में जहां 14.10 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी. वहीं 2026 में यह संख्या 19,99,895 हो गई यानी 7 साल में करीब 5.99 लाख उम्मीदवार बढ़े हैं. यह जानकारी लोकसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने दी है.

नीट यूजी 2024 में सबसे ज्यादा उम्मीदवार

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार नीट यूजी में शामिल होने वाले छात्रों की संख्या में पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली. 2019 में 14.10 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी. 2021 में यह आंकड़ा 15.44 लाख और 2022 में 17.65 लाख हो गया.  2023 में पहली बार नीट यूजी में परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों की संख्या 20 लाख के पार पहुंची. इस साल 20.39 लाख छात्रों ने परीक्षा में हिस्सा लिया. इसके बाद 2024 में यह संख्या बढ़कर 23.33 लाख हो गई, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा रहा. हालांकि 2024 के बाद उम्मीदवारों की संख्या में गिरावट आई. 2025 में 22.09 लाख और 2026 में 19,99,895 उम्मीदवारों ने नीट यूजी परीक्षा दी. इसके बावजूद 2026 का आंकड़ा 2019 की तुलना में करीब 42.5 प्रतिशत ज्यादा है.      

ये भी पढ़ें-देश में सिंगल टीचर स्कूलों की संख्या घटी, एक साल में 3282 स्कूल हुए कम 

एक दशक में मेडिकल कॉलेज भी बढ़े

नीट यूजी में उम्मीदवारों की संख्या बढ़ने के साथ देश में मेडिकल शिक्षा की क्षमता में भी विस्तार हुआ. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 2014 में देश में 387 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या 2026 में बढ़कर 846 हो गई. इस अवधि में एमबीबीएस सीटों की संख्या में भी बड़ा इजाफा हुआ है. 2014 में देश में 51,348 एमबीबीएस सीटें थी, जबकि 30 जुलाई 2026 तक यह संख्या 1,39,864 हो गई. इनमें 464 सरकारी मेडिकल कॉलेज में 66,221 एमबीबीएस सीटें हैं, जबकि 382 प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में 73,643 सीटें उपलब्ध है.  

 उम्मीदवार करीब 20 लाख और सीटें करीब 1.40 लाख

सरकारी आंकड़ों के अनुसार मेडिकल शिक्षा में एडमिशन की मांग लगातार बढ़ रही है. हालांकि मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सीटों की संख्या में पिछले एक दशक में विस्तार हुआ है, लेकिन नीट यूजी में शामिल होने वाले उम्मीदवारों की संख्या की तुलना में उपलब्ध सीटें अब भी सीमित मानी जा रही है. इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 2026 में करीब 20 लाख उम्मीदवारों ने नीट यूजी परीक्षा दी, जबकि देश में एमबीबीएस की कुल सीटों की संख्या करीब 1.40 लाख है.

ये भी पढ़ें-डीयू के प्लेसमेंट ड्राइव में 500+ छात्र शामिल, 75 से ज्यादा कंपनियों ने लिया हिस्सा

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *