अमेरिका-ईरान युद्ध और मिडिल ईस्ट में मची अशांति के बीच डोनाल्ड ट्रंप के लिए घरेलू स्तर पर चिंता बढ़ाने वाली खबर आई है. अमेरिका में आगामी नवंबर में होने वाले मिडटर्म इलेक्शन को लेकर किए गए सर्वे में ट्रंप को करारा झटका लगता दिख रहा है.
एनबीसी न्यूज के एक नए सर्वे के मुताबिक, मिडटर्म चुनाव को लेकर अमेरिकी मतदाताओं का बड़ा प्रतिशत डोनाल्ड ट्रंप के विरोध में खड़ा नजर आ रहा है. न्यूयॉर्क बेस्ड इस टीवी चैनल के लगभग 30 सालों में मिडटर्म इलेक्शन सर्वे में इस बार सबसे ज्यादा चौंकाने वाले परिणाम देखने को मिले हैं. चैनल के मुताबिक इस सर्वे के आंकड़े अबतक के अपने सबसे उच्चतम स्तर पर है.
कितने ट्रंप के साथ और कितने लोग खिलाफ
सर्वे के मुताबिक पंजीकृत मतदाताओं में से 43 फीसदी ने कहा है कि उनका मतपत्र ट्रंप के विरोध का संकेत देगा, जबकि सिर्फ 27 फीसदी ने कहा कि यह राष्ट्रपति ट्रंप के समर्थन को दर्शाने के लिए है और 28 फीसदी ने कहा कि उनके मतपत्र का मकसद कोई विशेष मैसेज देना नहीं है, जबकि स्वतंत्र मतदाताओं में से 46 फीसदी विरोध व्यक्त करना चाहते हैं, और 10 फीसदी ने समर्थन की बात कही.
20 सितंबर को जारी किए गए ये परिणाम अमेरिकी अर्थव्यवस्था, अमेरिका में जीवन यापन की लागत और ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को लेकर मतदाताओं की बढ़ती चिंताओं के बीच आए हैं. इसके अलावा डोनाल्ड ट्रंप के प्रदर्शन की रेटिंग में भी गिरावट आई है.
41 फीसदी लोगों ने ट्रंप के देश चलाने के तरीके को सही माना, जबकि 56 फीसदी ने इसे गलत बताया है. एनबीसी न्यूज के एक सर्वे के मुताबिक यह ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में अब तक की सबसे कम रेटिंग है. बता दें कि यह सर्वे 11 से 15 सितंबर के बीच 1,000 पंजीकृत मतदाताओं के बीच किया गया था.
ईरान संग युद्ध पर क्या कहा
दरअसल अमेरिकी अर्थव्यवस्था मतदाताओं की चिंताओं में प्रमुख मुद्दा है. 55 फीसदी लोगों का मानना है कि ट्रंप की नीतियों का अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है, जो मार्च में 48 फीसदी था. वहीं 26 फीसदी लोग इन नीतियों को सकारात्मक प्रभाव वाला मानते हैं. महंगाई और जीवनयापन की लागत से जुड़े मुद्दे अभी भी प्रमुख चिंता का विषय बने हुए हैं. वहीं दूसरी ओर 62 फीसदी लोगों का मानना है कि ईरान के साथ अमेरिका का युद्ध करना ठीक नहीं है, जबकि 33 फीसदी इसके विपरीत विचार रखते हैं.
ये भी पढ़ें
जोहरान ममदानी की ट्रंप से मुलाकात, मीडिया कवरेज पर बोले- हम उनको बुलाएंगे
