मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां आलोट में पदस्थ पटवारी रविशंकर खराड़ी ने अपने रतलाम स्थित घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया.
मृतक की मां ने नायब तहसीलदार पर काम को लेकर मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और सुसाइड नोट के आधार पर हर पहलू की पड़ताल की जा रही है.
नायब तहसीलदार पर परिजनों ने लगाया आरोप
इस घटना के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है. वहीं मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतक की माता का कहना है कि नायब तहसीलदार सविता राठौर उनके मृतक बेटे पर लगातार दबाव बना रही थीं. आरोप है कि किसी किसान का काम पैसे लेकर करने का दबाव बनाया जा रहा था, और जब वह काम पूरा नहीं हो पा रहा था, तो इसका मानसिक दबाव उनके मृतक बेटे पर डाला जा रहा था.
ये भी पढ़िए- Satna News: प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी के साथ भीड़ ने किया हमला, रस्सी से बांधकर की जमकर धुनाई
पुलिस को घटना स्थल से मिला सुसाइड नोट
वहीं मामले को और गंभीर बनाता है घटनास्थल से मिला सुसाइड नोट, जिसमें मृतक ने पारिवारिक जिम्मेदारियों का जिक्र करते हुए लिखा है कि छोटे भाई की शादी के कारण वह परिवार के कामों में व्यस्त था, लेकिन इसके बावजूद उस पर लगातार काम का दबाव बनाया जा रहा था. फिलहाल औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस सुसाइड नोट और परिजनों के आरोपों के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी है.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
वहीं सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि रतलाम की औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस को सुसाइड की सूचना मिली थी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्मार्टम के लिए अस्पताल भेजा हैं और मर्ग कायम करके जांच शुरू कर दी हैं. पुलिस ने शव के पास से एक सुसाइड नोट और कुछ चीजें जब्त की है और जांच चल रही हैं आगे भी न्याय संगत कार्यवाही की जाएगी.
ये भी पढ़िए- MP News: धार के इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण अग्निकांड, 8 घंटे बाद भी नहीं बुझी आग, करोड़ों के नुकसान की आशंका
