बड़े पर्दे पर दो एक्टर्स को एक साथ देखना हमेशा ही फैंस के लिए अलग अनुभव होता है. संजय दत्त और सलमान खान जैसे स्टार्स भी कई फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं. दोनों ने बड़े पर्दे पर अपनी दोस्ती और जोड़ी से दर्शकों का दिल जीता है, हालांकि आपको बता दें कि ये जोड़ी सिर्फ बड़े पर्दे तक ही सीमित नहीं रही है, बल्कि असल जिंदगी में भी दोनों जिगरी यार है.
बॉलीवुड में जिन सेलेब्स की दोस्ती की मिसाल दी जाती है उनमें संजय दत्त और सलमान खान का याराना भी शामिल है. दोनों दिग्गज 80 के दशक से बॉलीवुड में अब तक काम कर रहे हैं और शुरुआत से ही वो एक दूसरे को जानते हैं. दोनों ने हर मुश्किल वक्त में एक दूसरे का साथ दिया है और दोस्ती का फर्ज निभाया है. हाल ही में संजय दत्त को लेकर सलमान ने एक भावुक पोस्ट भी शेयर किया है.
सलमान बोले- भगवान-अल्लाह इस आदमी को खुश रखें
सलमान खान ने हाल ही में संजय दत्त के साथ सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें शेयर की है. इनमे दोनों स्टार्स ने एक दूसरे को बेहद टाइट हग किया हुआ है. इसके साथ सलमान ने लिखा, ‘बाबा हमेशा के लिए बाबा, बाबा होता है. संजू बाबा हैं, हम सब के बाबा और संजू बाबा अब अपने बच्चों का बाबा, मेरा बड़ा भाई संजय दत्त, भगवान, अल्लाह और जीसस इस आदमी को खुश रखें. लव यू बाबा.’
सलमान के डेब्यू से पहले हुई थी दोनों की दोस्ती
संजय दत्त ने बतौर लीड एक्टर अपना डेब्यू साल 1981 में आई फिल्म ‘रॉकी’ से किया था. वहीं सलमान का बतौर लीड एक्टर डेब्यू ‘मैंने प्यार किया’ से हुआ था. जबकि दोनों स्टार्स की मुलाकात सलमान के डेब्यू से पहले हुई थी.
दरअसल सलमान के पिता और मशहूर राइटर सलीम खान ने संजय दत्त की साल 1986 में आई फिल्म ‘नाम’ की कहानी लिखी थी. इसके चलते अक्सर सलमान और संजय की मुलाकात घर पर हुआ करती थी. यहीं से इस दोस्ती की शुरुआत हो गई थी.

जब संजय के बुरे वक्त में सलमान ने किया सपोर्ट
बता दें कि संजय दत्त साल 1993 के मुंबई बम धमाका केस में जेल की हवा खा चुके हैं. इस केस में उन्हें अवैध हथियार रखने के आरोप में अरेस्ट कर लिया गया था. अलग-अलग वक्त पर वो जेल में रहे. संजय की शुरुआती गिरफ्तारी के वक्त अक्षय कुमार, अजय देवगन, सैफ अली खान और सलमान खान जैसे स्टार्स उनके सपोर्ट में उतरे थे. इन बड़े स्टार्स ने ‘Sanju, we are with You’ (संजू, हम तुम्हारे साथ हैं) के प्लेकार्ड्स के साथ खड़े होकर संजू का सपोर्ट किया था.

जब संजय से घर मिलने पहुंचे थे सलमान
संजय को इस केस में 5 साल की सजा हुई थी. आखिरकार साल 2016 में वो इस केस में रिहा हो गए थे. उस वक्त सलमान ने अपने बॉडी गार्ड्स संजय के लिए भेजे थे. साल 2013 में संजय से सलमान उनके पाली हिल स्थित घर पर भी मिलने के लिए गए थे. ये उस वक्त की बात है जब अवैध हथियार रखने के केस में संजय को सुप्रीम कोर्ट ने सजा सुनाई थी और संजय को जेल में सरेंडर करना था. तब अमेरिका से सलमान लौटे ही थे और वो अपने यार से मिलने उनके घर गए थे. एक सच्चे दोस्त की तरह सलमान तब संजय के साथ खड़े हुए नजर आए थे.
ये भी पढ़ें: 15 साल बड़े शादीशुदा डायरेक्टर से शादी, शराब की थी बुरी लत, 39 की उम्र में निधन, मीना कुमारी का दर्दभरा सफर
साजन के सेट पर बने पक्के दोस्त
सलमान खान और संजय दत्त ने पहली बार जिस फिल्म के जरिए स्क्रीन शेयर की थी वो है ‘साजन’. साल 1991 में आई ये फिल्म सुपरहिट साबित हुई थी. इसमें दोनों के साथ माधुरी दीक्षित लीड रोल में थीं. इसके सेट पर दोनों की दोस्ती काफी गहरी हो गई थी. इसके बाद ये जोड़ी साल 2000 की फिल्म चल मेरे भाई में भी नजर आई थी, इसमें दोनों ने भाईयों का किरदार अदा किया था.

जब सलमान के कहने पर संजय ने फ्री में की फिल्म
सलमान के छोटे भाई सोहेल खान ने साल 2000 की फिल्म ‘मैंने दिल तुझको दिया’ से बॉलीवुड में बतौर लीड एक्टर डेब्यू किया था. इसमें संजय ने सपोर्टिंग निभाया था. सलमान ने उनसे खुद रिक्वेस्ट की थी, जबकि संजय ने कोई फीस भी नहीं ली थी. लेकिन, बाद में सलमान ने संजय को ब्रैंड न्यू BMW कार गिफ्ट की थी, जिसकी चाबी संजय ने समंदर में फेंक दी थी. ये किस्सा सलमान ने ‘आप की अदालत’ में शेयर किया था.
